News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

रांची सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी

रांची, 10 मार्च । रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद रांची पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार इस बार धमकी में साइनाइड बम से अदालत को उड़ाने की बात कही गई है। मेल में यह भी दावा किया गया कि अदालत परिसर में 14 बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच की गई।

कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय ने मंगलवार को बताया कि बम निरोधक दस्ते की टीम द्वारा पूरे अदालत परिसर की बारीकी से जांच कराई गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी 6 फरवरी और 28 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा समाहरणालय भवन और पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि हर बार जांच के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए तकनीकी जांच कर रही है।

————

Leave a Reply