News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पूर्वी सिंहभूम के हल्दीपोखर बाजार में ग्रामीणों ने दो संदिग्ध बाइक चोरों को पकड़ा, पुलिस को सौंपा

पूर्वी सिंहभूम, 09 मार्च । पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दीपोखर मुख्य बाजार में सोमवार को ग्रामीणों की सतर्कता से दो संदिग्ध बाइक चोरों को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने दोनों की पहले पिटाई की और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, तेंतला गांव निवासी अनील सरदार की होंडा स्प्लेंडर बाइक शनिवार को हल्दीपोखर के साप्ताहिक हाट से चोरी हो गई थी। बाइक चोरी होने के बाद अनील सरदार ने इसकी लिखित शिकायत कोवाली थाना में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

सोमवार को दो युवक उसी चोरी हुई बाइक से हल्दीपोखर बाजार पहुंचे। इस दौरान बाइक का नंबर प्लेट हटाया हुआ था। बाजार में मौजूद बाइक मालिक अनील सरदार और उसके दोस्तों ने गाड़ी को पहचान लिया। उन्होंने दोनों युवकों को रोककर बाइक के कागजात दिखाने को कहा, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ और लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए और दोनों संदिग्धों की पिटाई कर दी।

इसी बीच सूचना मिलने पर हल्दीपोखर टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने बाइक और दोनों संदिग्धों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों युवकों को कोवाली थाना ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम कौशिक गोप बताया है, जो जुड़ी गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक नशे की हालत में थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाइक चोरी की घटना में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply