News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

हिन्दू नववर्ष पर बाबा आम्रेश्वर धाम में हुई भव्य श्रृंगार पूजा

खूंटी, 19 मार्च । हिन्दू नववर्ष 2026 (विक्रम संवत 2083) के शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को अंगराबारी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम में भव्य बाबा भोलेनाथ की भव्य श्रृंगार पूजा की गई। मौके पर पूरे धाम परिसर की आकर्षक साज सज्जा की गई थी। इस पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी।

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, दही, शहद और गंगाजल अर्पित करते हुए अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति की ओर से विधि-विधान से श्रृंगार पूजा संपन्न हुई।

मंदिर में सुबह में पूजा-अर्चना शुरू हुई। इसके बाद प्रशासनिक श्रृंगार पूजा की गई। इस पूजा में मुख्य यजमान के रूप में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार शामिल हुए। पूजा के दौरान भगवान शिव को फल, फूल, खीर और मिठाई का भोग अर्पित किया गया।

श्रृंगार पूजा के बाद भगवान शिव की भव्य आरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं से सजाया गया था, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि हिन्दू नववर्ष भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, जो नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है।

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष रमेश मांझी, मंत्री कैलाश भगत, महेंद्र प्रसाद भगत, महेंद्र अग्रवाल, प्रह्लाद साहू, सह कोषाध्यक्ष श्रीपाल चंद जैन, अंकेक्षक जगदीश मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply