रामनवमी पर्व को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
हजारीबाग, 27 मार्च । जिला प्रशासन ने रामनवमी के दशमी के जुलूस को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से इस बार व्यापक तैयारी की गई है।
जुलूस में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 115 जुलूस के शामिल होने की संभावना है। जिला प्रशासन पहली बार सभी जुलूस वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगायेगा।
इसकी निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जायेगी। डीसी शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि जीपीएस सिस्टम लगने से जिला प्रशासन को यह जानकारी रहेगी कि कौन सा जुलूस कहां है। सभी जुलूस वाहनों की नंबरिंग भी की गयी है। शहर के सभी चौक-चौराहों में जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गयी है। इसके अलावा जुलूस मार्गों में कलर लाइट की भी व्यवस्था की गयी है। वहीं रामनवमी के जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी किया है।
इसके अनुसार जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों का अनुपालन, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में निर्धारित मार्ग एवं समय पर जुलूस निकालने, अखाड़ों को जुलूस को वॉलेंटियर के माध्यम से अनुशासित रखने तथा जुलूस से पहले वॉलेंटियर्स को आवश्यक दिशा निर्देश देने को कहा गया है।
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं जुलूस के दौरान बिजली कटने के कारण असुविधा नहीं हो इसके लिए प्रशासन ने जेनसेट की भी व्यवस्था की है।