जौनपुर महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समां
जौनपुर,26 मार्च । यूपी के जौनपुर में प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जौनपुर महोत्सव का रंगारंग आगाज जारी रहा। बुधवार को महोत्सव के दूसरे दिन ऐतिहासिक शाही किला परिसर में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।देर रात आयोजित गीत-संगीत कार्यक्रम में जनपद के कलाकारों के साथ बाहर से आए कलाकारों ने मंच पर शानदार प्रस्तुति दी। जौनपुर की माटी के लाल और चर्चित गायक वरदान सिंह विशेष रूप से मुंबई से आकर शामिल हुए और अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।महोत्सव में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता अरविंद अकेला,कल्लू और अभिनेत्री डिम्पल सिंह ने भी अपनी प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने मंच पर भोजपुरी गीतों पर आकर्षक नृत्य कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अरविंद अकेला ने “ललकी टिकुलिया चांद भइल बा” गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। हालांकि, कुछ दर्शकों ने फूहड़ गीतों पर आपत्ति जताते हुए ऐसे गीतों पर रोक लगाने की मांग भी की।कार्यक्रम के दौरान “नारियल मैन” के नाम से प्रसिद्ध एक युवक ने अपने अनोखे करतबों से सभी को चौंका दिया। उसने सिर, हाथ और कोहनी से नारियल तोड़कर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसे देख दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। वहीं एक स्टंटमैन ने फिल्मों में दिखाए जाने वाले खतरनाक करतबों का लाइव प्रदर्शन कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी।महोत्सव में बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, एडीएम अजय अंबष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। महोत्सव का यह दिन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर रहा।