News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

गुुुरुग्राम: श्रमिकों की मौत मामले में मानवाधिकार आयोग ने सरकार व सीपी से मांगा जवाब

गुरुग्राम, 13 मार्च । जिला के गांव सिधरावली के पास निर्माणाधीन सिग्नेचर ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से सात मजूदरों की मौत व चार के घायल होने पर मानवाधिकार आयोग ने सख्ती दिखाई है। सरकार व गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है कि इस मामले में स्वत: क्या संज्ञान लिया गया है। दो सप्ताह के भीतर यह जवाब देना होगा।

बता दें कि बीते सोमवार कह देर रात सिग्नेचर ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की खुदाई करने के दौरान मिट्टी ढह गई थी। इस मलबे की चपेट में आने से सात श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई घंटों तक राहत कार्य चला, जिसमें एनडीआरफ, एसडीआरफ, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस घटना पर मानवाधिकार आयोग ने मीडिया रिपोट्र्स पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि यदि खबरें सही हैं तो यह सीधे तौर पर मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसकी वजह से श्रमिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ठेकेदार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस तरह के हादसों में जान जाना प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है।

आयोग ने अपनी नोटिस में स्पष्ट रूप से तीन मुख्य जानकारियां मांगी हैं। हादसे में घायल हुए मजदूरों के स्वास्थ्य का वर्तमान स्टेट्स और उन्हें दिया जा रहा उपचार। अब तक हुई पुलिस और प्रशासनिक जांच का पूरा विवरण और दोषियों पर की गई कार्रवाई। मृतक श्रमिकों के परिजनों और घायलों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता या मुआवजे का ब्यौरा मांगा गया है। आयोग ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगले 14 दिनों के भीतर यह रिपोर्ट पेश की जाए। इस मामले में पुलिस द्वारा की जा रही जांच की निगरानी अब सीधे मानवाधिकार आयोग कर रहा है।

Leave a Reply