News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फरीदाबाद : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, तीन गिरफ्तार

फरीदाबाद, 14 मार्च । शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-19 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सैंट्रल में दी शिकायत में बताया कि वह गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित जानकारी सर्च कर रही थी। इसी दौरान एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया, जिसमें उसे एक ग्रुप जॉइन करने के लिए कहा गया। ग्रुप से जुडऩे के बाद उसको शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 17 लाख 42 हजार रुपए निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जम्मू निवासी जसदीप सिंह सोढी व मोहम्मद मजीद को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि जसदीप सिंह सोढी जम्मू में बंधन बैंक में काम करता है, जिसने मोहम्मद मजीद का खाता खोलकर आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। जिसके खाते में ठगी के पांच लाख 50 हजार रुपए आये थे। आरोपितों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।इसी प्रकार करीब चार लाख रुपए की ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी साहिल के रुप में हुई है। इस बाबत सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी थी कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए उसे एक लिंक आया और वह एक टेलीग्राम ग्रुप पर जुड़ गया, जहां उससे अलग-अलग टास्क के नाम पर चार लाख दो हजार पांच सौ 50 रुपए ले लिए और उसका पैसा वापिस नहीं आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवा रखा था और उसके खाते में मामले से जुड़े हुए 68 हजार रुपए आये थे। आरोपी पांचवीं पास है और मोटरसाईकिल मैकेनिक का काम करता है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply