News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

कोरबा : जिले में सड़क सुरक्षा सुधारने प्रशासन की पहल, दुर्घटनाजन्य स्थलों पर होंगे सुधार कार्य

जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाजन्य स्थलों पर सुधार कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग सहित एसईसीएल, बालको और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी मौजूद रहे। परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के आधार पर जिले में 18 ब्लैक स्पॉट और 3 ग्रे स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

कलेक्टर ने इन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक, स्ट्रीट लाइट, पेड़ों की कटाई और सोल्डर फिलिंग जैसे कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़क, खतरनाक मोड़, अतिक्रमण, सड़क किनारे उगी झाड़ियां, कोयला और फ्लाई ऐश के जमाव जैसी समस्याएं सामने आई हैं। छोटी कमियों को एक सप्ताह में और बड़े कार्यों को मार्च माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने एसईसीएल, बालको और अन्य औद्योगिक इकाइयों द्वारा उपयोग किए जाने वाले कोल-डस्ट प्रभावित मार्गों की डेढ़ माह के भीतर मिशन मोड में सफाई कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही भारी वाहनों के चालकों के लिए नियमित नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि हर छह माह में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ट्रक, बस, ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के चालकों की आंखों की जांच कराई जाए।

गोपालपुर-छुरीकला, बालको-धर्री डेम और कोयला-फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव कराने तथा बालको मार्ग पर पानी के टैंकरों की संख्या तीन से बढ़ाकर पांच करने के निर्देश दिए गए। वहीं रताखार-जोड़ा पुल क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम को तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कहा गया। महत्वपूर्ण मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू न करने पर परिवहन अधिकारी को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

मदनपुर घाट मोड़, लमना घाट, डूमरकछार, रंगोली चौक, उरगा-मडवारानी ओवरब्रिज और रताखार जोड़ा पुल मार्ग जैसे चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराने की बात कही गई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आम नागरिकों से भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है।

Leave a Reply