News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मांगलिक भवनों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में करें पूर्ण : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

भोपाल, 25 मार्च । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में लगभग 11 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाएं।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि शासकीय राशि को अपनी राशि समझकर कार्य करें और सभी मांगलिक भवन निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि 42 मांगलिक भवनों के अतिरिक्त 60 और भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मल्हारगढ़ एवं पिपलिया मंडी में फ्लाई-ओवर निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होंगे।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने बताया कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर परियोजना का पानी हर खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जिससे सिंचाई सुविधा में विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नारायणगढ़ एवं बूढ़ा में सांदीपनी विद्यालय तथा मल्हारगढ़ में बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण भी कराया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को फॅूड बास्केट वितरित किए तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर ग्राम ढिकन्या में 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया, उन्होंने 10 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 42 मांगलिक भवनों का भूमि-पूजन भी किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति के सदस्य राजेश दीक्षित सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply