News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बीजापुर पुलिस ने अफवाहों पर जारी की एडवायजरी, तत्काल पुलिस को सूचना दें

बीजापुर, 27 मार्च । जिले में इन दिनों अफवाहों के तेजी से फैलने के बीच पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए एडवायजरी जारी की है। बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने शुक्रवार काे आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

उन्हाेने बताया कि इस प्रकार की अधिकांश सूचनाएं पूरी तरह निराधार और भ्रामक होती हैं, जिनका उद्देश्य लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और मौखिक रूप से फैल रही ऐसी अफवाहों से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि जारी निर्देशों में नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या वीडियो को बिना सत्यापन साझा न करें। साथ ही, किसी अज्ञात व्यक्ति या घटना को लेकर अफवाह फैलाने से बचें। यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें और किसी भी स्थिति में भीड़ द्वारा कानून हाथ में न लिया जाए। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि अफवाहों के कारण कई बार निर्दोष लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए सभी लोग संयम और सतर्कता बनाए रखें। पुलिस ने नागरिकों से अपने-अपने गांवों और मोहल्लों में जागरूकता फैलाने की अपील की है, ताकि जिले में शांति और आपसी विश्वास बना रहे। किसी भी संदिग्ध स्थिति में नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply