सामान्य मरीजों का नहीं हो पा रहा अल्ट्रासाउंड, लोगों में नाराजगी
रामनगर स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा होने के बावजूद आम मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां गर्भवती महिलाओं का तो अल्ट्रासाउंड महिला चिकित्सक पूजा गुप्ता द्वारा किया जा रहा है, लेकिन सामान्य पेट रोगियों में चाहे महिला हो या पुरुष का अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।
रामनगर सी एच सी में अल्ट्रासाउंड मशीन तो उपलब्ध है लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती नहीं होने के कारण सामान्य मरीजों की जांच नहीं की जा रही है। इससे पेट दर्द, किडनी, पथरी व अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है जहां उन्हें महंगी जांच करानी पड़ती है।
अस्पताल में आने वाले मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मशीन होने के बावजूद सुविधा का लाभ न मिलना बड़ी समस्या है। गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड महिला चिकित्सक द्वारा किया जाता है, लेकिन अन्य मरीजों को वापस कर दिया जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ की तैनाती कर दी जाए तो क्षेत्र के हजारों मरीजों को राहत मिल सकती है और उन्हें निजी जांच केंद्रों पर पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। अब क्षेत्रीय लोगों के बीच यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि आखिर आम जनों को अल्ट्रासाउंड सुविधा का पूरा लाभ कब मिल पाएगा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती करने की मांग की है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी प्रणव कुमार श्रीवास्तव ने इस संबंध में बताया कि वह प्रयासरत हैं कि जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती कराई जाए,जिससे से आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो।