राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव में 51 उद्यमी सम्मानित
देहरादून, 28 मार्च । मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत देहरादून में शनिवार को राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर के 51 उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में आयोजित इस कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने उद्घाटन किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे विस्तार से पलायन की समस्या में कमी आई है। स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
महोत्सव में 13 ‘लखपति दीदी’, 13 रीप सहायतित उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के उद्यमी व दो स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों सहित कुल 51 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही क्रेडिट क्लिनिक, उद्यम पंजीकरण और ट्रेडमार्क डिजिटल ऑनबोर्डिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एमयूवाई ओलम्पिक्स में 100 प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए, जिनमें से 18 श्रेष्ठ अवधारणाओं का चयन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एमयूवाई वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया गया, जिससे राज्य के सभी जनपदों में उद्यमिता संबंधी जानकारी, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव को मजबूती मिलेगी।
महोत्सव में 13 जनपदों के उद्यमियों की ओर से स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विभिन्न स्वरोजगार आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और नवाचार को बढ़ावा देना बताया गया।
इस अवसर पर ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना समन्वयक, विभिन्न जिलों के उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।