बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह में ग्रामीणों ने देसी कट्टा के साथ युवक पकड़ कर पुलिस को सौंपा
पूर्वी सिंहभूम, 03 मार्च । बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जाडीह गांव में सोमवार को एक युवक को ग्रामीणों ने देसी कट्टा के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि युवक संदिग्ध परिस्थिति में गांव में घूम रहा था और कथित रूप से छिनतई की कोशिश कर रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, कपाली निवासी इरफान मिर्जाडीह गांव में संदिग्ध हालत में देखा गया। इसी दौरान उसने रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति से छिनतई करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया।
ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने युवक की पिटाई कर दी। बाद में मामले की सूचना बोड़ाम थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस उसे थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को मंगलवार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।