आरडीजी बंद करने पर युवा कांग्रेस का विरोध, केंद्र पर साधा निशाना
नाहन, 19 फ़रवरी । विधानसभा युवा कांग्रेस शिलाई की एक अहम बैठक विश्राम गृह शिलाई में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विपुल शर्मा ने की। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, कार्यकारिणी के विस्तार और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए विपुल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किया जाना हिमाचल के लाखों लोगों के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक छोटा पहाड़ी राज्य है, जो पिछले कई वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं जैसी बड़ी चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में केंद्र से विशेष सहयोग की अपेक्षा थी, लेकिन केंद्र सरकार इस दिशा में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के हक के संसाधन भी छीने जा रहे हैं, जिससे राज्य पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव पड़ रहा है।
विपुल शर्मा ने बताया कि बैठक में आरडीजी के मुद्दे के साथ-साथ छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इन मुद्दों को सरकार और संबंधित मंचों पर मजबूती से उठाएगी, ताकि युवाओं और प्रदेश के हितों की रक्षा हो सके।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान तेज किए जाएंगे। बैठक शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।