धारदार हथियार से राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी (हि. स.)। सिटी कोतवाली पुलिस ने आज शुक्रवार को हाईवे रोड स्थित जगमोहन पेट्रोल पंप के पास बस स्टैंड प्रतीक्षालय में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक बटनदार चाकू जब्त किया गया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पर थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पास धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता खापर्डे के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम तुषार कश्यप (20 वर्ष), निवासी पेण्ड्री जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।