तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत
जयपुर, 21 फ़रवरी । हरमाड़ा थाना इलाके में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़े महिला और उसके भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली एक बाइक, पतासी के ठेले और दो बिजली के खंभों को भी तोड़ते हुए जा घुसी। चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थानाधिकारी उदय यादव ने बताया कि हरमाड़ा थाने के सामने नानकी और उसका भतीजा मुकेश बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पैर में दर्द होने के कारण नानकी की बहन पीछे-पीछे पैदल आ रही थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे टोडी मोड़ की ओर से पत्थरों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आई। सामने आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई।
बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी नानकी और उसके भतीजे मुकेश को जोरदार टक्कर मारते हुए एक बाइक और पतासी के ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद वाहन दो बिजली के पोल तोड़ते हुए जाकर रुका। हादसे में नींदड़ मोड़ निवासी नानकी देवी (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश सैन (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नानकी देवी अपनी बहन और भतीजे के साथ एक शादी समारोह में जाने के लिए घर से निकली थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।