सिक्किम के राज्यपाल पूर्व भाजपा विधायक के आवास पहुंचे, बेटे काे दी विवाह की शुभकामनाएं
वाराणसी, 17 फरवरी । सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य मंगलवार को वाराणसी के औढ़े स्थित रोहनिया के पूर्व भाजपा विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ‘औढ़े’ के आवास पर पहुंचे। आवास पर राज्यपाल ने पूर्व विधायक के भतीजे रवि शंकर प्रताप सिंह को उनके होने वाले विवाह की बधाई दी। रविशंकर का 20 फरवरी को तिलक तथा 25 फरवरी को विवाह होना है।
इसके पहले राज्यपाल का पूर्व विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह के अगुवाई में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अगवानी की। पूर्व विधायक रोहनिया ने राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को अंग वस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। राज्यपाल से उपस्थित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की और माला पहनाकर स्वागत किया। राज्यपाल ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन भी ग्रहण किया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन कर राज्यपाल रवाना हो गए। राज्यपाल का स्वागत करने वाले कार्यकर्ताओं में दीपक सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह गोपाल, रवि शंकर प्रताप सिंह ,अंश प्रताप सिंह ,वंश प्रताप सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अजय दुबे, गोपाल नारायण सिंह, विकास दुबे, धर्मेंद्र यादव, चंदन सिंह ,संदीप सिंह आदि शामिल रहे।