News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

वाराणसी के अघोरपीठ क्रीं कुंड में मना महानिर्वाण व अभिषेक दिवस, लगा भक्तों का तांता

वाराणसी, 10 फरवरी । उत्तर प्रदेश के वाराणसी रविन्द्रपुरी स्थित प्रसिद्ध अघोर पीठ ‘बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड’ में मंगलवार को देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। अवसर रहा इस अघोर पीठ के दसवें पीठाधीश्वर (ब्रह्मलीन) बाबा राजेश्वर राम (बुढ़ऊ बाबा) के ‘महानिर्वाण दिवस’ तथा वर्तमान (11वें) पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के ‘अभिषेक दिवस’ का।

अघोर श्रद्धालुओं और अघोर साधू-महात्माओं के लिए 10 फ़रवरी का दिन बहुत मायने रखता है। ऐसे में सोमवार से ही अघोर साधू-संत, महात्मा तथा श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। महानिर्वाण दिवस पर मंगलवार सुबह से ही दैनिक साफ़-सफ़ाई,आरती-पूजन के बाद वर्तमान (11वें) पीठाधीश्वर, अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम से आशीर्वाद पाने की होड़ मच गई। पूर्वाह्न साढ़े दस बजे अघोराचार्य जैसे ही अपने साधना कक्ष से बाहर निकले, गगनभेदी, ‘हर—हर महादेव’ के उदघोष के साथ पूरा अघोरपीठ परिसर गूँज उठा। कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने अपनी बारी आने पर अनुशासित भाव से आर्शीवाद लिया।

इसके पहले अघोराचार्य ने अपने दादा गुरु,बाबा राजेश्वर राम (बुढ़ऊ बाबा) की समाधि का आरती पूजन कर उनको श्रद्धाभरी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अघोराचार्य ने परिसर में मौज़ूद अघोराचार्य बाबा कीनाराम तथा अघोरेश्वर महाप्रभु बाबा अवधूत भगवान राम की मूर्ति व समाधि को भी, आरती-पूजन के ज़रिये, श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। इसके बाद अघोराचार्य जैसे ही अपने ‘औघड़-तख़्त’ पर आसीन हुए,पूरा परिसर एक बार फ़िर से गगनभेदी,’हर— हर महादेव’ के उदघोष के साथ गूँज उठा। दर्शन-पूजन एवं प्रसाद ग्रहण का ये सिलसिला देर शाम तक चलता रहेगा। इसके बाद कुंड की सामाजिक संस्था ‘अघोराचार्य बाबा कीनाराम शोध एवं सेवा संस्थान’ दिवस भी मनाया गया। भारी भीड़ को देखते हुए पीठ पर सुरक्षा व्यवस्था का पुख़्ता इंतज़ाम किया गया है।

Leave a Reply