रंगभरी एकादशी पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के होगें पुख्ता इंतजाम
वाराणसी, 24 फरवरी(हि. स.)। वाराणसी में रंगभरी एकादशी (27 फरवरी) पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में अबीर चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ होगी। रंगभरी एकादशी की शाम पांच बजे गर्भगृह में श्री काशी विश्वनाथ की प्रतिमा स्थापित होगी और सप्तऋषि की आरती होगी। इसके साथ ही अबीर चढ़ाया जाएगा और श्रद्धालु बढ़चढ़ कर अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
पुलिस उप महानिरीक्षक शिवहरी मीणा ने रंगभरी एकादशी के सुरक्षा के संबंध में कहा कि रंगभरी एकादशी पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूर्व की भांति ही गलियों में कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी होती रहेगी। मंदिर द्वार पर डिक्टेक्टर से श्रद्धालुओं की जांच होगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ होगी। मंदिर परिसर के चारों ओर चप्पे चप्पे पर नजर रखी जाएगी। इस संबंध में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।