पिकअप की टक्कर से दुग्ध ट्रांसपोर्टर की मौत
प्रयागराज, 03 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोरांव थाना क्षेत्र में अमूल डेयरी के समीप सोमवार देर रात पिकअप की टक्कर से दुग्ध ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। मंगलवार को परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में सोरांव थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव निवासी लक्ष्मी नारायण साहू (45) पुत्र शिवराम साहू की मौत हुई है। परिवार के लोगों ने घटना के संबंध में सूचना काफी देर से दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक अमूल डेयरी में दुग्ध ट्रांसपोर्टर का काम करते थे और अपनी खुद की मैजिक से दूध पहुंचाते थे। बीती रात सोमवार को दूध पहुंचाने के बाद अमूल डेयरी के पास खड़े थे, तभी एक पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए फाफामऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।