पीएम ई-विद्या और दीक्षा प्लेटफॉर्म पर शिक्षकों को मिला विशेष प्रशिक्षण
चंपावत, 28 फ़रवरी । जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के लिए डिजिटल शिक्षण पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य उन्हें पीएम ई-विद्या और दीक्षा प्लेटफॉर्म से जोड़ना था। 23 से 27 फरवरी तक चले इस प्रशिक्षण के तीन चरणों में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से कुल 124 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के पहले चरण में 23 एनपीआरसी और बीआरपी शामिल हुए। दूसरे चरण में लोहाघाट ब्लॉक के 26 विद्यालय प्रमुखों को प्रशिक्षित किया गया, जबकि तीसरे चरण में बाराकोट, पाटी और चंपावत ब्लॉक के 75 प्रधानाचार्यों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को एनसीईआरटी के डिजिटल संसाधनों, पीएम ई-विद्या चैनलों, दीक्षा प्लेटफॉर्म, नई शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. लता आर्य ने बताया कि डिजिटल माध्यम आज शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं और शिक्षकों का इनसे परिचित होना अनिवार्य है। संस्थान के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशुतोष वर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान तकनीक आधारित शिक्षण को विद्यालयों में लागू करने पर बल दिया।
साइबर सुरक्षा विषय पर प्रकाश उपाध्याय ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यशाला में संस्थान के प्रवक्ता डॉ. अनिल मिश्रा और नवीन उपाध्याय सहित अन्य शिक्षकों ने भी प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि यह उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता करेगा।