News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर को किया सम्मानित

देहरादून, 13 फ़रवरी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा थपलियाल की सफलता उत्तराखंड की मातृशक्ति के गौरव और महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की उपलब्धियां विशेषकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी।

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलता का परचम लहराती रहें। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply