प्रशिक्षण से चुनौतियों को अवसर में बदलने की सीख मिलती है: मुख्यमंत्री
देहरादून, 17 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को चुनौतियों को अवसर में बदलने की सीख मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके संगठनात्मक कार्यक्रम निरंतर चलते रहते हैं। समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और नवीनता का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि इसी सुदृढ़ संगठनात्मक ढांचे के कारण भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता झूठ, भ्रम और खोखले वादों पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने रोजगार के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रदेश में 42 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं, जिनमें से 28 हजार नौकरियां पिछले चार वर्षों में नकल निरोधक कानून के तहत प्रदान की गई हैं।
प्रशिक्षण अभियान के क्षेत्रीय प्रभारी अमरपाल मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संगठन के वैचारिक अधिष्ठान, एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, कार्यपद्धति और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रशिक्षण से ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है जो वोट के साथ जनता का विश्वास भी अर्जित करते हैं।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी दिनों में बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—