News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

कॉपीराइट मामले में एआर रहमान जूनियर डागर भाइयों को क्रेडिट देने पर सहमत

नई दिल्ली, 20 फ़रवरी । संगीतकार एआर रहमान 2023 के फिल्म पोन्नियनसेलवन-2 का गाना वीरा राजा वीरा के संगीत में ध्रुपद गायक फैयाद वसीफुद्दीन डागर के योगदान का जिक्र करेगा। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस संबंध में सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म और ओटीटी सेवाओं पर डागर के काम को क्रेडिट देते हुए पांच हफ्ते में अपडेट किया जाए।

उच्चतम न्यायालय में शुक्रवार काे सुनवाई के दौरान संगीतकार एआर रहमान के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि उन्होंने जूनियर डागर बंधुओं के कार्यों को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में हम अपडेट करेंगे। उच्चतम न्यायालय ने 13 फरवरी को एआर रहमान और डागर को समझौते की सलाह दी थी। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि यह मामला केवल कानूनी अधिकारों का नहीं है बल्कि डागरवाणी परंपरा और शास्त्रीय विरासत के सम्मान का मामला है।

सुनवाई के दौरान अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा था कि यह धुन पहले भी कई बार सार्वजनिक रुप से गायी जा चुकी है। तब कोर्ट ने कहा था कि सिंगर फैयाद वसीफुद्दीन डागर के परिवार के पूर्वजों का डागरवाणी परंपरा और ध्रुपद गायकी में काफी बड़ा योगदान रहा है। कोर्ट ने सिंघवी से कहा था कि शास्त्रीय संगीत के उपासक अक्सर व्यावसायिक प्रतिस्पर्द्धा से दूर रहते हैं और वे सम्मान और अपनी कला की पहचान होती है। अगर इन पारंपरिक घरानों ने शास्त्रीय संगीत की नींव नहीं रखी होती तो आज के आधुनिक संगीतकारों के लिए इस मुकाम तक पहुंचना मुमकिन नहीं होता।

याचिका ध्रुपद संगीतकार उस्ताद वसीफुद्दीन डागर ने दायर किया है। याचिका में गाना वीरा राजा वीरा के कॉपीराइट के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता के पिता नासिर फैयाजुद्दीन डागर और चाचा जहीरुद्दीन डागर द्वारा तैयार किए गए संगीत पर उनका कॉपीराइट है। इस किस्म के गायन को डागर वाणी का नाम दिया गया है और ये ध्रुपद गायन का आधार है। याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता के पिता के पुराने गीतों में से एक शिव स्तुति है जिसे 1970 में गाया गया था।

Leave a Reply