राजगढ़ःसूने घर से चांदी के गहने सहित तीन लाख का माल चोरी
राजगढ़, 15 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहन स्थित सूने घर से अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर तीन किलो वजनी चांदी के गहने और एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए, जिसकी कुल कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने रविवार को मौका-मुआयना कर अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
पुलिस के अनुसार ग्राम मोहन निवासी 40 वर्षीय रामनारायण पुत्र कंवरलाल गुर्जर ने बताया कि बीते रोज अज्ञात बदमाश सूने घर का ताला तोड़कर एक-एक किलो वजनी दो चांदी की करधोनी, आधा-आधा किलो के चांदी के दो आंवला और एक लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए, जिसकी कुल कीमत तीन लाख रुपए है। बताया गया है कि घटना के दौरान फरियादी सोसायटी से चावल-गेहूं लेने के लिए गया था साथ ही उसकी पत्नी खेत पर थी। घर पहुंचकर देखा तो सामान बिखरा और अल्मारी से गहने व नकदी गायब मिली। ग्रामीणों का कहना है कि दो अज्ञात बदमाश घर के आसपास देखे गए थे। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
थानाप्रभारी हुकुमसिंह मीणा का कहना है घटना स्थल का बारीकी से निरिक्षण कर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है साथ ही ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।