News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

पौधारोपण संकल्प के 5 साल पूरे होने पर विशेष आयोजन, शिवराज चौहान पूसा में लगाएंगे पौधे

नई दिल्ली, 18 फ़रवरी । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधारोपण संकल्प के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को पूसा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से होगी, जहां 5 पौधे रोपे जाएंगे। शिवराज चौहान द्वारा 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती पर अमरकंटक में “रूद्राक्ष” और “साल” के पौधे रोपकर प्रतिदिन कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का संकल्प लिया गया था और इसे पूरी निरंतरता के साथ निभाया गया।

कृषि मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि

इस कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान के व्यक्तिगत संकल्प से शुरू होकर जनभागीदारी, पर्यावरण-जागरूकता और सामाजिक चेतना से जुड़े इस अभियान की प्रमुख झलकियां सामने आएंगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य संबोधन में अपने पांच वर्ष के दैनिक पौधारोपण संकल्प, उससे जुड़े अनुभवों, जनसहभागिता और भविष्य की दिशा पर विस्तार से बात करेंगे, जिसमें वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की अपनी दृष्टि साझा करेंगे।

कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के डॉ. चिन्मय पंड्या, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, पर्यावरणविद् अनिल जोशी, साध्वी ऋतंभरा के साथ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट भी विचार रखेंगे।

उल्लेखनीय है कि साल 2017 में उनके नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक नर्मदा सेवा यात्रा के समापन पर मध्यप्रदेश में 6 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए, जिसने नदी, जंगल और जलवायु संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया। इसी कड़ी में “अंकुर अभियान” शुरू हुआ, जिसमें आम नागरिकों को पौधा लगाकर उसकी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करने और उसे संरक्षित रखने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया, जिसके माध्यम से लगभग 1 करोड़ पौधे लगाए गए और समाज के विभिन्न वर्ग इस अभियान से जुड़े। जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, किसी प्रियजन की जयंती या पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर पौधारोपण को बढ़ावा देकर उन्होंने व्यक्तिगत उत्सवों को पर्यावरण सेवा से जोड़ने की अनोखी परंपरा विकसित की। देश और विदेश में बसे लोग भी अपने खास मौकों पर पौधे लगाकर इस हरित यात्रा का हिस्सा बनने लगे, जिससे एक नेता का व्यक्तिगत संकल्प अब व्यापक जनआंदोलन में बदल चुका है।

Leave a Reply