राज्यपाल-सह-कुलाधिपति ने जारी किया एसपीयू मंडी का विश्वविद्यालय कैलेंडर एवं डायरी
मंडी, 09 फ़रवरी । सरदार पटेल विश्वविद्यालय एसपीयू मंडी के कुलपति प्रो. ललित अवस्थी ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल से लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कुलपति ने माननीय कुलाधिपति को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, शोध, प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय में चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर राज्यपाल-सह-कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के कैलेंडर एवं डायरी का उद्घाटन एवं विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार तथा मूल्य आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कुलाधिपति ने आशा व्यक्त की कि विश्वविद्यालय का कैलेंडर एवं डायरी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे तथा शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहायक होंगे।
कुलपति प्रो. ललित अवस्थी ने राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय कैलेंडर एवं डायरी का विमोचन शैक्षणिक योजना एवं संस्थागत समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के योजना संकाय के अधिष्ठाता (डीन), डॉ. सनील ठाकुर भी उपस्थित रहे।