News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

राजगढ़ः बाबा खाटू श्याम मंदिर पर मनाया गया फागोत्सव, भक्तों ने रंग लगाकर एक-दूसरे को दी बधाई

राजगढ़, 27 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के समीपस्थ बाबा खाटू श्याम मंदिर में रंगभरी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को फागोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी तादाद में श्रद्वालु मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

मंदिर में प्रातःकाल से ही जय श्री श्याम के जयकारों की गूंज सुनाई दी और पूरा माहौल भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। रंगभरी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम को गुलाल चढ़ाया गया और भक्तों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। बाबा श्याम के दरबार को दिल्ली और उज्जैन से मंगवाए गए 11 क्विंटल ताजे फूलों से सजाया गया साथ ही बाबा का श्रंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो विशेष पुष्पों से किया गया।

मंदिर में मनाए गए उत्सव पर शहर के अलग- अलग जगहों से निशान यात्राएं निकाली गई। ढ़ोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए श्रद्वालु मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। नगर के पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकाली गई यात्रा में जनसैलाव उमड़ा। मंदिर में दिनभर भजन और पूजा-आरती का दौर चलता रहा। मंदिर समिति अनुसार फागोत्सव पर भजन संध्या का आयोजन होगा, जो देर रात चलेगा साथ ही इस दौरान बाबा श्याम को 56 भोग लगाया जाएगा। इस आयोजन को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है।

Leave a Reply