रतिया पंचायत समिति अध्यक्ष के खिलाफ 17 सदस्यों ने की बगावत,डीसी से मीटिंग की मांग
फतेहाबाद, 09 फरवरी । जिले में पंचायत समिति अध्यक्षों को लेकर चल रही उठा-पटक के बीच अब रतिया पंचायत समिति अध्यक्ष पद से भी कांग्रेस समर्थक केवल कृष्ण मेहता को हटाने के प्रयास तेज हो गए हैं। सोमवार को रतिया पंचायत समिति अध्यक्ष केवल कृष्ण मेहता के खिलाफ 22 में से 17 सदस्यों ने बगावत करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाने की मांग की है। इन सदस्यों ने सोमवार को डीसी डॉ. विवेक भारती से मुलाकात की। बता दें कि, भट्टू पंचायत समिति की अध्यक्ष ज्योति लूणा और रतिया पंचायत समिति अध्यक्ष केवल कृष्ण मेहता अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में चले गए थे। इनमें से ज्योति की कुर्सी जा चुकी है। अब केवल कृष्ण मेहता के खिलाफ भी सदस्य एकजुट हो गए हैं। चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास जताने वालों में सदस्यों में सिमरनजीत कौर, पालो कौर, अशोक कुमार, सुनील कुमार, जसवीर कौर, राजिंद्र कौर, सुमनप्रीत कौर, ऊषा देवी, जयबीर सिंह, बग्गा सिंह, अमन आदि 17 सदस्य शामिल हैं। इन सदस्यों ने कहा कि पंचायत समिति चेयरमैन अपने कर्तव्यों की पालना सही नहीं कर रहा है। जब भी वे अपने इलाके की समस्याओं के बारे में बता करते हैं, तो वह हमारी कोई बात नहीं सुनता है। वह अपना विश्वास खो चुका है, इसलिए सदस्य मिलकर चेयरमैन केवल कृष्ण कृष्ण के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहते हैं। नापा की टिकट कटने पर बदला था पालाअक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने रतिया से तत्कालीन बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा की टिकट काटकर सुनीता दुग्गल को उम्मीदवार बना दिया था। इससे नाराज होकर लक्ष्मण नापा कांग्रेस में चले गए। उनके साथ ही केवल कृष्ण मेहता व कुछ सरपंच भी चले गए थे। चुनाव में सुनीता दुग्गल कांग्रेस उम्मीदवार जरनैल सिंह से 21 हजार 442 वोटों से हार गई थी। हालांकि, प्रदेश में सरकार बीजेपी की बन गई। इसके बाद से ही केवल कृष्ण मेहता को कुर्सी से हटाने के प्रयास शुरू कर दिए गए थे।