सूरजपुर : रामानुजनगर में नामांतरण-बंटवारा पर प्रशिक्षण
सूरजपुर, 18 फ़रवरी । राजस्व प्रकरणों के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के उद्देश्य से रामानुजनगर तहसील में आज बुधवार काे ग्राम पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में सरपंचों और सचिवों को अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा मामलों के निपटारे की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण सत्र में राजस्व प्रकरणों की चरणबद्ध प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण, अभिलेख संधारण तथा समयबद्ध समाधान की कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राम स्तर पर ही अविवादित मामलों का निराकरण सुनिश्चित होने से आम नागरिकों को तहसील कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी।
प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि दस्तावेजों की सही जांच और नियमानुसार प्रविष्टि से विवाद की संभावनाएं कम होंगी तथा राजस्व रिकॉर्ड अद्यतन रखने में सुविधा होगी।
यह पहल पंचायत प्रतिनिधियों को सशक्त बनाकर राजस्व संबंधी छोटे-छोटे प्रकरणों का समाधान गांव में ही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।