पाइपलाइन कार्य से मकई चौक के व्यापारी बेहाल, विधायक ओंकार साहू ने किया निरीक्षण
धमतरी, 16 फ़रवरी । शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक से आमापारा रोड तक पाइपलाइन बिछाने के नाम पर चल रहे कार्य ने व्यापारियों और आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नगर निगम द्वारा आमापारा वार्ड से बरसाती पानी को मकई तालाब में प्रवाहित करने के लिए पिछले छह माह से सड़क खोदकर गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा है। मकई चौक के व्यापारी खासे नाराज हैं और उन्होंने कार्य में अनियमितता व भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
व्यापारियों की शिकायत पर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने सोमवार को कांग्रेसजनों के साथ मकई चौक से आमापारा तक स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि निगम के कार्यों का खामियाजा व्यापारी और आम नागरिक भुगत रहे हैं। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुबह एक ट्रक के फंसने से यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। ओंकार साहू ने आरोप लगाया कि पूर्व में पाइप डाले जा चुके थे, लेकिन कम एमएम साइज का हवाला देकर दोबारा सड़क खोदकर पाइपलाइन डाली जा रही है।
उन्होंने इसे पाइपलाइन कार्य के नाम पर भ्रष्टाचार बताया। उनका कहना था कि “जाइंट किलर” लगाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जबकि शहर की जनता सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए त्रस्त है। व्यापारियों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकान के सामने गड्ढे होने से ग्राहक आने से कतराते हैं। आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। शहर के प्रमुख स्थल घड़ी चौक की बंद घड़ी को लेकर भी सवाल उठाए गए। सुधार के लिए घोषणाएं तो हुईं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक वर्ष पूरा होने को है, लेकिन विकास कार्य शून्य हैं। करोड़ों की घोषणाएं की जा रही हैं, पर जमीनी हकीकत में कोई बड़ा कार्य शुरू नहीं हो पाया है। शहरवासी ऊबड़-खाबड़ सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं और निगम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद भागी ध्रुव, पूर्व पार्षद सोमेश मेश्राम, विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा, धर्मेंद्र पटेल और सूरज पासवान उपस्थित रहे।