News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

भाेपाल के बड़े तालाब किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर विरोध, प्रशासन ने दी सुनवाई की मोहलत

भोपाल, 09 फ़रवरी । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बड़े तालाब के एफटीएल (फुल टैंक लेवल) से 50 मीटर के दायरे में आने वाले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू की गई। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के तहत जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम नयागांव और भदभदा क्षेत्र पहुंची, जहां उन्हें स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

सोमवार सुबह टीटी नगर अनुभाग और नगर निगम की टीम भदभदा चौराहे के पास पहुंची। प्रशासन के अनुसार यहां नयागांव और भदभदा बस्ती के एक दर्जन से अधिक मकान और दुकानें एफटीएल के 50 मीटर दायरे में आ रही हैं। जैसे ही हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्‌डू चौहान, शोएब खान सहित कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के सामने वर्ष 1930 से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई और इसे रोकने की मांग की। उनका कहना था कि यह बस्ती वर्षों पुरानी है और बिना समुचित पुनर्वास के हटाना उचित नहीं है।

विरोध के बाद रोकी गई कार्रवाई

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के एकजुट विरोध के बाद प्रशासनिक अमले को कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में बस्तीवासी भी मौके पर एकत्र हो गए। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि इससे पहले भदभदा बस्ती से लगभग 400 लोगों को हटाया गया था, लेकिन कई परिवारों को आज तक स्थायी आवास नहीं मिल सका है। जिन स्थानों पर लोगों को शिफ्ट किया गया, वहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उन्होंने यह भी कहा कि एनजीटी के आदेश की आड़ में लोगों को बिना सुने हटाया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति की जांच और पुनर्वास की व्यवस्था पहले की जानी चाहिए।

प्रशासन ने दी सुनवाई की तारीख

विरोध को देखते हुए एसडीएम अर्चना शर्मा ने प्रभावित लोगों को सुनवाई का अवसर देने की बात कही है। इस दौरान बस्तीवासी अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे। सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। इस बीच नगर निगम के अमले ने अलग से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, जिसमें करीब चार ट्रक सामान जब्त किया गया।

Leave a Reply