News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिलाबदर अपराधी राजकुमार गिरफ्तार, टली बड़ी वारदात

सागर, 23 फ़रवरी । मध्‍य प्रदेश के सागर जिले में अपराध नियंत्रण और आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में मोतीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसे जिला दण्डाधिकारी द्वारा जिलाबदर (तड़ीपार) किया गया था, लेकिन वह नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए चोरी-छिपे शहर में घूम रहा था।

पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि शास्त्री वार्ड निवासी आदतन अपराधी राजकुमार उर्फ राजकपूर अहिरवार (35) पुत्र धनीराम अहिरवार, वर्तमान में ग्राम अमावनी क्षेत्र में देखा गया है।

बता दें कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के कारण जिला दण्डाधिकारी सागर ने उसे 08 माह की अवधि के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीनगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी राजकुमार कोई साधारण अपराधी नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 17 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें शामिल हैं। हत्या का प्रयास , मारपीट और बलवा,अवैध शराब की तस्करी, शस्त्र अधिनियम ।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी समय पर नहीं होती, तो वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता था।

सागर जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। जनता के सहयोग से ही समाज को अपराध मुक्त बनाया जा सकता है।

Leave a Reply