News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

बंद पड़ी खदानों में चला माफियाओं का अवैध पंजा, खनिज विभाग ने लगाया 12 लाख का जुर्माना

चित्तौड़गढ़, 16 फ़रवरी । अवैध खनन और खनिजों के माध्यम से करोड़ों की चांदी कूटने वाले खनन माफियाओं के कई मामले सामने आते है, लेकिन खनिज विभाग की और से कार्यवाही करते हुवे जुर्माना भी वसूल किया जाता है। इसके बावजूद अवैध माइनिंग करने वाले बाज नहीं आते। माफिया तू डाल-डाल, मैं पात-पात की तर्ज पर लगातार अवैध खनन की गतिविधियों को अंजाम दे रहे है। ऐसा ही एक मामला सावा क्षेत्र के बनेष्ठी में फिर सामने आया है। यहां पर बंद पड़ी सरकारी खदान से अवैध खनन करने के मामले में खनिज विभाग ने पड़ोसी लीज धारक व संदिग्ध माफिया पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

जानकारी के अनुसार एक पखवाड़े पहले से मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे अभियान के दौरान खनिज विभाग ने खनन क्षेत्रों में अवैध माइनिंग गतिविधियों पर नजर रखी। वहीं बनेष्टी की बंद पड़ी खदान क्रमांक 6/93 से अवैध रूप से खनिज निकालने का मामला सामने आया है। इस मामले की जानकारी मिलने पर विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया व पड़ोसी लीज धारक पर जुर्माने के नोटिस जारी किए है। बताया जाता है कि इस बेशकीमती खनिज की खदान को सरकार ने बंद कर दिया था। इसके बावजूद इस पर पड़ोसी लीज धारक द्वारा खनन किया जा रहा था।

पहले भी सामने आया था मामला

सावा क्षेत्र में निकलने वाले रेड ऑकर, चाइना क्ले आदि की खदाने है जिनसे सरकार को राजस्व मिलता है लेकिन कई खदानांे की माइनिंग लिमिट पूरी होने के बावजूद खनन माफियाओं द्वारा अवैध रूप से खनन कर खनिज निकाला जा रहा है। करीब 2 साल पहले भी इस मामले में कार्यवाही की गई थी। पिछले दिनों खनिज विभाग के खनि अभियंता एहते शाम सिद्दिकी द्वारा इसे लेकर पड़ोसी लीज धारक सईद खान पर 12 लाख की शास्ति लगाई गई है।

बिना राजस्व ऊंचे दामों में बेचान

सरकार खनिज की खदानें आवंटन करने के बाद उस पर रॉयल्टी वसूलती है, जो सरकार के राजस्व के रूप में काम में आता है। लेकिन कई क्षेत्रों में माफिया लगातार इस प्रकार की खदानों से खनन कर बिना रॉयल्टी दिये चांदी कूटने में लगे है जिससे सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है वहीं अवैध खनन की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। गौरतलब है कि चित्तौड़गढ़ जिले के कई क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी मशीनों के माध्यम से अवैध खनन की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।

Leave a Reply