पंचायतों को भी जीएसटी में पंजीकरण कराना होगा
मुरादाबाद, 04 फरवरी । सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों को अपनी पंचायतों का जीएसटी में पंजीकरण कराना होगा। जो विकास कार्य कराए जाएंगे, वह भी पंजीकृत फर्मों से ही कराए जाएंगे। यह व्यवस्था फर्जी फर्मों (बोगस) से बचने के लिए लागू की जा रही है। उप निदेशक (पंचायत) ने सभी खंड विकास अधिकारियों व पंचायत सचिवों को निर्देश जारी किए हैं।
उप निदेशक (पंचायत) अभय यादव ने बुधवार को पंचायत सचिवों को निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायतों की जीएसटी में पंजीकरण कराकर जीएसटी नंबर लें। उसे डोंगल में शामिल करें। सभी कार्यदायी संस्थाएं, फर्में भी इसी नंबर के आधार पर वर्क ऑर्डर लेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में किसी बोगस या अपंजीकृत फर्म से विकास कार्य नहीं कराया जाएगा।