News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सूरजपुर : वर्ष 2026 का पहला नेशनल लोक अदालत 14 मार्च को

सूरजपुर, 09 फ़रवरी । छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वावधान में वर्ष 2026 का पहला नेशनल लोक अदालत आगामी 14 मार्च को आयोजित किया जाएगा। इसके सफल एवं प्रभावी आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साेमवार काे विभागीय अधिकारियों एवं जिले के समस्त बैंक प्रबंधकों के साथ एक गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर ने की। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय) आनंद प्रकाश वारियाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पायल टोपनो सहित नगरपालिका, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग के अधिकारीगण एवं जिले में संचालित समस्त बैंक प्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने बताया कि यह वर्ष 2026 का पहला नेशनल लोक अदालत है, जो 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। उन्होंने नगरपालिका, विद्युत, दूरसंचार विभाग तथा सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए तथा प्रकरणों के अधिकतम निराकरण हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाए।

बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि संबंधित विभागों द्वारा बकाया राशि, ब्याज एवं जुर्माने में वास्तविक एवं प्रभावी छूट प्रदान की जाए, जिससे आम नागरिकों को अधिकतम वैधानिक राहत मिल सके।

जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे 14 मार्च को आयोजित नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिले के सभी न्यायिक क्षेत्राधिकारों में किया जाएगा, जिसमें जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर, कुटुंब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर तथा जिले के समस्त अनुविभागीय एवं तहसील न्यायालय शामिल हैं।

Leave a Reply