News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: विदिशा जिले के 779 श्रद्धालु अयोध्या के लिए रवाना

विदिशा, 18 फरवरी । मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत बुधवार को 779 तीर्थ यात्री भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से रवाना हुए। इस अवसर पर विदिशा रेलवे स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया और उत्साहपूर्ण माहौल में उन्हें यात्रा के लिए विदाई दी गई।

फीता काटकर बोगी में प्रवेश

विदिशा विधायक मुकेश टण्डन ने अयोध्या तीर्थ दर्शन के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों को स्पेशल ट्रेन की बोगी में प्रवेश कराने हेतु फीता काटा और नारियल फोड़कर पूजा अर्चना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, विधायक टंडन और नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा द्वारा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने सभी तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी वर्षों पुरानी आस्था पूर्ण हो रही है।

रेलवे स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं परिजनों द्वारा यात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन द्वारा यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा के दौरान भोजन, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा कराई जा रही है, जिससे उन्हें आध्यात्मिक लाभ प्राप्त हो रहा है।गौरतलब हो कि जिले के सभी तीर्थ यात्रीगण अयोध्या में दर्शन उपरांत 23 फरवरी को वापस विदिशा पहुंचेंगे। इस अवसर पर विदिशा जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, नटेरन जनपद पंचायत अध्यक्ष संगीता यशपाल रघुवंशी, एसडीएम क्षितिज शर्मा समेत अन्य विभागो के अधिकारी व तीर्थयात्रा पर रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply