बलरामपुर : वाड्रफनगर की मनबासों बनीं ‘लखपति दीदी’
बलरामपुर, 17 फ़रवरी ।शासन की योजनाओं और बैंकिंग सहयोग ने जिले की एक ग्रामीण महिला की तकदीर बदल दी। विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत अमरावतीपुर की मनबासों, उन्नति महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बना चुकी हैं।
कभी आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के लिए दो वक्त की व्यवस्था करना भी चुनौती था। सीमित संसाधनों के बीच बेहतर भविष्य की उम्मीद धुंधली नजर आती थी। इसी दौरान मनबासों ने महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने का निर्णय लिया, जो उनके जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ।
समूह से सामुदायिक निवेश निधि के तहत 60 हजार रुपये और बैंक से 3 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस पूंजी से उन्होंने किराना और पूजा सामग्री की दुकान शुरू की। निरंतर मेहनत और लगन से उनका व्यवसाय बढ़ा और आज वे सालाना लगभग 3 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। जहां पहले परिवार की आय हजारों रुपये तक सीमित थी, वहीं अब नियमित आमदनी से बच्चों की उच्च शिक्षा और घरेलू जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं।
मनबासों का कहना है कि ग्रामीण महिलाएं केवल कृषि और मजदूरी तक सीमित नहीं हैं। यदि उन्हें शासन की योजनाओं और वित्तीय संस्थानों का सहयोग मिले तो वे भी सफल उद्यमी बन सकती हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है और महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल प्रस्तुत कर रही है।