नूरपुर में चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
धर्मशाला, 27 फ़रवरी । नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूरपुर पुलिस जिला को एक और सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआईए नूरपुर की टीम ने कंडवाल क्षेत्र में एक त्वरित ऑपरेशन चलाया और ड्रग तस्करी में संलिप्त दो व्यक्तियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों की पहचान विवेक महाजन सुपुत्र तरसेम लाल, निवासी गांव बासा, डाकघर राजा का बाग, तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा और विकास चौधरी सुपुत्र सुखदेव सिंह, निवासी गांव सिनेमा हॉल, डाकघर जसूर तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा शामिल है।
पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5.72 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। इसके साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी, किया सोनेट नंबर एचपी-38एच-9936 है, को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
यह गिरफ्तारी कंडवाल क्षेत्र (थाना नूरपुर के अंतर्गत) में की गई है। इस संदर्भ में थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाएगी कि नशा कहां से आया और किसे बेचा जाना था, की सघन जांच कर रही है ताकि इस अवैध व्यापार में शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर अडिग है। समाज और युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी रहेगा।