News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

मोदी सरकार का कार्यकाल हिमाचल के विकास में एक नया युग : इंदु गोस्वामी

धर्मशाला, 07 फ़रवरी । राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने बताया की प्रधान मन्त्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में प्रदेश में चार नए हवाई अड्डे और 22 नए एयर रूट चालू किये गए हैं। यहां जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के अन्तर्गत शिमला ,कुल्लू, मण्डी और रामपुर के एयरपोर्ट/हेलिपोर्टस पर क्रमश 116.70 करोड़ ,37.29 करोड़, 8.76 करोड़ और 4.84 करोड़ रूपये खर्च किये गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हवाई यात्रा के विस्तार के लिए सरकार ने मण्डी में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए “साइट क्लीयरेंस” प्रदान करके इसके निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है।

उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के पहले चरण में हिमाचल प्रदेश में 9,964 करोड़ रूपये की लागत से 167 किलो मीटर लम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि मोदी के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में 30 जून 2025 तक 2,607 किलो मीटर लम्बे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश को मैडिकल डिवाइस पार्क विकसित करने के लिए देश के चार राज्यों में से एक चुना गया है और इसके लिए प्रारम्भिक तौर पर 100 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। नालागढ़ में 350 करोड़ रूपये की लागत से मैडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जायेगा जिससे पूरे उत्तर भारत में मैडिकल उपकरणों की आपूर्ति होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट योजना के अन्तर्गत राज्य के 75 गांवों में मूलभूत ढांचा, रोज़गार और सम्पर्क मार्गों को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Leave a Reply