News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

भारत अमेरिका व्यापार समझौते से मेक इन इंडिया को मिलेगी नई उड़ान

धर्मशाला, 03 फ़रवरी । राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मेक इन इंडिया को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ घटाने से निर्यात को पंख लगेंगे जिससे भारतीय उद्योगों को नए आर्डर मिलेंगे, कच्चे माल की खपत बढ़ेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इससे बिदेशी मुद्रा भण्डार बढ़ेगा जिससे आर्थिक समृद्धि के नए युग का सूत्रपात होगा।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया की दो बड़ी लोकतान्त्रिक शक्तियां हैं जिनकी कुल आबादी लगभग 2 अरब है और इस तरह के व्यापार समझौते से भारत का विश्व व्यापार में दबदबा बढ़ेगा जिससे भारत दुनिया के तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस व्यापार समझौते का हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य को जबरदस्त फायदा होगा। इससे हिमाचली शाल, ऊनी उत्पादों, जड़ी बूटियों, कांगड़ा चाय के अतिरिक्त हिमाचल में स्थापित उद्योगों से निर्यात बढ़ेगा जिससे राज्य सरकार का राजस्व बढ़ेगा और हिमाचली युवकों को रोज़गार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने इस समझौते को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल आर्थिक नेतृत्व का परिणाम बताया और कहा कि यह नरेंद्र मोदी की महान उपलब्धि है। उन्होंने विपक्ष को राजनैतिक बयानबाजी करने की बजाय प्रधान मंत्री में विश्वास रखने की सलाह दी और राष्ट्र हित में सरकार से कंधे से कन्धा मिलाकर चलने का आह्वान किया।

Leave a Reply