News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

थाईलैण्ड की राजकुमारी सिरिवन्नवारी नारीरत्ना पहुंची जोधपुर

जोधपुर, 08 फरवरी । थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नवारी नारीरत्ना रविवार देर शाम जोधपुर पहुंची। वे दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। वे रविवार को विशेष विमान से जोधपुर पहुंची। राजकुमारी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने व्यापक तैयारियां की। सुरक्षा, आवागमन, ठहराव और भ्रमण को लेकर अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजकुमारी के शाही स्वागत को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एयरपोर्ट से लेकर उनके ठहरने और भ्रमण स्थलों तक विशेष इंतजाम किए गए है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजकुमारी के स्वागत में पारंपरिक और शाही अंदाज अपनाया गया। वे सोमवार को मेहरानगढ़ दुर्ग, उम्मेद भवन पैलेस और जसवंत थड़ा सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगी।

राजकुमारी सिरिवन्नवारी नारीरत्ना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर के रूप में जानी जाती हैं। उनका खुद का लग्जरी फैशन ब्रांड है, जो दुनिया के कई देशों में लोकप्रिय है। फैशन के क्षेत्र में उनके डिजाइन और कलेक्शन को खास पहचान मिली हुई है। राजकुमारी सिरिवन्नवारी केवल फैशन तक सीमित नहीं हैं। वे थाईलैंड की शाही सेना में मेजर के पद पर भी कार्यरत हैं।

राजकुमारी एक कुशल घुड़सवार है। खेल, कला व संस्कृति के क्षेत्र में उनकी गहरी रुचि है। सनद रहे कि राजकुमारी भारत के पांच दिवसीय दौरे पर आई हैं। इस दौरान वे राजस्थान के विभिन्न शहरों के साथ-साथ आगरा का भी भ्रमण करेंगी। दो दिन प्रवास के दौरान वे ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक स्थलों और शाही विरासत से रूबरू होंगी।

Leave a Reply