संसदीय मैत्री समूहों के नेता बने पलामू सांसद
पलामू, 25 फ़रवरी । विश्व के विभिन्न देशों के साथ भारत के संसदीय संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत ने विश्व के 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया है। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को पलामू सांसद वीडी राम को वियतनाम के लिए संसदीय मैत्री समूहों के नेता के रूप में मनोनीत किया है।
उल्लेखनीय है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के अनुभवी सांसदों को इन मैत्री समूहों में नेतृत्व की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी है। इस पहल से सांसद अपने विदेशी समकक्षों से सीधे बातचीत कर अपना अनुभव साझा कर पाएंगे और एक-दूसरे की सर्वाेत्तम संसदीय प्रथाओं से सीख सकेंगे।
संसद से संसद और जनता से जनता के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर देते हुए यह पहल हमारे संसदीय संबंधों में एक व्यापक और भागीदारी आधारित दृष्टिकोण दर्शाती है। इससे भारत की संसद के विश्व की विभिन्न संसदों के साथ प्रत्यक्ष और नियमित संवाद को बढ़ावा मिलेगा और हमारी ट्रेडिशनल डिप्लोमेसी के साथ साथ पार्लियामेंट्री डिप्लोमेसी को भी बढ़ावा मिलेगा।
इनके पार्लियामेंट्री फ्रेंडशिप ग्रुप माध्यम से सांसदों के बीच संसदीय परिपाटियों के साथ ही तकनीक, सामाजिक नीतियों, संस्कृति और आज की वैश्विक चुनौतियों जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
60 से अधिक देशों के साथ मैत्री समूह स्थापित किए गए हैं। इससे विभिन्न देशों के साथ हमारे संसदीय सहयोग को तो बढ़ावा मिलेगा ही, साथ ही द्विपक्षीय संबंध भी प्रगाढ़ होंगे।
सांसद ने बुधवार को इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार व्यक्त किया है।