News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

चलंत लोक अदालत में लाेगाें की समस्‍याओं का हुआ समाधान

पश्चिमी सिंहभूम, 18 फ़रवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा की पहल पर टोंटो प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बुधवार को चलंत लोक अदालत का आयोजन किया गया।

न्याय आपके द्वार अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सुलभ, त्वरित और किफायती न्याय उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन और विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी के निर्देशन में किया गया। शिविर में टोंटो प्रखंड और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं लोक अदालत के समक्ष रखीं। आपसी सहमति और समझौते के आधार पर मामलों के निष्पादन पर विशेष बल दिया गया।

चलंत लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी प्रकरण, बैंक ऋण विवाद, आपसी झगड़े और अन्य दीवानी मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर संबंधित पक्षों को राहत दी गई। उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक परामर्श प्रदान किया गया और उन्हें कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सरकारी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर में पैनल अधिवक्ता प्रमोद कुमार प्रसाद ने कानून से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी और पक्षकारों को समझौते के माध्यम से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पीएलवी सदस्य सुरज ठाकुर, रविकांत ठाकुर और संजय निषाद ने ग्रामीणों को लोक अदालत की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया में सहयोग किया।

Leave a Reply