गोड्डा के जितपुर खनन परियोजना क्षेत्र में एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण की शुरुआत, 17 युवक हुए शामिल
गोड्डा, 03 फरवरी । कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत सुंदरपहाड़ी प्रखंड के जितपुर खनन परियोजना क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्र में पहली बार लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से लैस करना है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दक्षता मोटर ड्राइविंग स्कूल, गोड्डा के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। प्रथम बैच में कुल 17 प्रतिभागियों को 21 दिवसीय एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जितपुर पंचायत की मुखिया मेरी मार्गेट हेंब्रम की उपस्थिति में किया गया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
टेरी माइनिंग के परियोजना प्रमुख रितेश कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि आगामी चरण में परियोजना प्रभावित परिवारों की महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से तीन ई-टोटो उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाला कदम बताया।
इस अवसर पर टेरी माइनिंग लिमिटेड की सीएसआर टीम से अनिरुद्ध दास और संतोष कुमार, जबकि भूमि एवं राजस्व टीम से सदानंद सिंह, राजू सिंह, सुषमा सोरेन, अजीत झा, अभिषेक, बासुदेव और गायत्री उपस्थित रहे।————-