News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पुल से गिरकर मजदूर की मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 22 फ़रवरी । पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत टोंटो थाना के सुंडी सुरनिया गांव निवासी 38 वर्षीय तुराम हेस्सा की चालगी गांव स्थित एक नाला के पुल से गिरने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार तुराम हेस्सा एसीसी सीमेंट फैक्ट्री, झींकपानी में ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। वह प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे ड्यूटी जॉइन करता था और शाम 6:00 बजे छुट्टी के बाद अपने गांव सुंडी सुरनिया लौटता था। शनिवार को भी वह ड्यूटी समाप्त कर घर के लिए निकला था। रास्ते में उसकी पत्नी हीरा हेस्सा से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह रास्ते में है और घर पहुंच रहा है।

लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी पत्नी हीरा हेस्सा ने दोबारा फोन किया तो संपर्क नहीं हो सका। रात भर परिजन चिंतित रहे। जानकारी के अनुसार जंगली इलाका होने और हाथियों के आवागमन के कारण तुराम हेस्सा लुगुनसाई में एक भाड़े के कमरे में भी कभी-कभी रुक जाता था।

रविवार सुबह हीरा हेस्सा उसी दिशा में निकली। रास्ते में चालगी गांव पहुंचने पर नाला के पुल के पास भीड़ देखी। ग्रामीण मुंडा से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची हुई थी। वहां जाकर देखा तो मृतक उसका पति तुराम हेस्सा ही था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां 14 और 11 वर्ष की तथा एक 9 वर्षीय बेटा है। प्रतिदिन जिस रास्ते से आवागमन होता था, उसी छोटे नाला पुल से गिरकर मौत होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply