News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पूर्वी सिंहभूम में हाता-टाटा मार्ग पर बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

पूर्वी सिंहभूम, 22 फ़रवरी । पूर्वी सिंहभूम के हाता-टाटा मुख्य सड़क मार्ग पर रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

घटना तुड़ी लाइन होटल के पास हुई, जहां हाता से टाटा की ओर जा रही एक बस ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद साइकिल सवार बस के नीचे फंस गया और करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता चला गया। जब तक बस को रोका गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के तुमुंग पंचायत अंतर्गत डुमराटांड़ गांव निवासी 45 वर्षीय घासीराम किस्कू के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी कार्य से साइकिल से हाता की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और शव के पास बैठकर न्याय की मांग करने लगे।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए और हाता-टाटा मार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ भी की। बस के शीशे तोड़ दिए गए और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन को पहले भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सूचना मिलते ही पोटका और कोवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, आक्रोशित भीड़ के सामने पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

प्रशासन के वरीय अधिकारियों के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है, ताकि जाम हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके।

स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी करने तथा हाता-टाटा मार्ग पर नियमित ट्रैफिक जांच और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था लागू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ओवरस्पीडिंग पर रोक नहीं लगाई गई, तो इस तरह की घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही बस चालक को गिरफ्तार करने और वाहन को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है और जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।———–

Leave a Reply