विधायक सीपी सिंह ने किया यूरो किड्स प्ले स्कूल का उद्घाटन
रांची, 14 फरवरी । राजधानी रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित यूरो किड्स प्ले स्कूल का उद्घाटन शनिवार को रांची के विधायक सीपी सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है। प्ले स्कूल बच्चों को अनुशासन, व्यवहार, बैठने-उठने की आदत और संवाद कौशल सिखाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करते हैं और अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण विकल्प उपलब्ध कराते हैं।
स्कूल के निदेशक आशीष चौरसिया ने बताया कि संस्थान में प्रत्येक वर्ग के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था की गई है। बच्चों के सुरक्षित वातावरण, आधुनिक शिक्षण पद्धति तथा खेल-आधारित शिक्षण प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे आनंदपूर्वक सीख सकें और उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
समारोह में अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और नए संस्थान के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।————–