News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

जींद : सरपंच एसोसिएशन ने मासूम शर्मा के खिलाफ खोला मोर्चा ,सार्वजनिक माफी की मांग

जींद, 26 फ़रवरी । गांव हैबतपुर में गुरूवार को सिंगर मासूम शर्मा व मुआना पूर्व सरपंच स्टेज विवाद को लेकर हरियाणा प्रदेश सरपंच एसोसिएशन की बैठक का आयोजन किया गया। देर तक चली बैठक में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा द्वारा जनप्रतिनिधियों के स्टेज पर किए गए अपमान को लेकर निर्णय लिया गया कि वो सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो हरियाणा के किसी भी गांव में उनके कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सरपंच एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से भी मांग की कि अपने गानों के माध्यम से गन कलर को बढ़ावा दे रहे मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और जो पुलिस सुरक्षा उन्हें मुहैया करवाई गई है, उसे तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। गांव हैबतपुर में गुरूवार को हरियाणा सरपंच एसोसिएशन की प्रदेशस्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्पष्ट कहा गया कि सिंगर मासूम शर्मा ने कार्यक्रम में मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को ही नही बल्कि देश व प्रदेश के चुने हुए प्रतिनिधियों का अपमान किया है। इसके लिए गायक मासूम शर्मा को सार्वजनिक रूप से जनप्रतिनिधियों से माफी मांगने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया।

आगामी तीन दिनों में मासूम शर्मा ने माफी नही मांगी तो हरियाणा के किसी भी गांव में उनके कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक के पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह ने कहा कि मासूम शर्मा गन कल्चर को अपने गानों के माध्यम से प्रमोट करते हैं। जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ती है। सोशल मीडिया पर असलहा के साथ फोटो या वीडियो अपलोड करने पर एफआई दर्ज हो जाती है लेकिन मासूम शर्मा के मामले में ऐसा नही हुआ है।

ऐसे में उनके खिलाफ भी मामला दर्ज होना चाहिए। हरियाणा पुलिस की जो सुरक्षा उन्हें मिली हुई है,उसका मासूम शर्मा नाजायज फायदा उठाकर पुलिस का भी मजाक बना रहे हैं। इसके मद्देनजर उन्हें मुहैया करवाई गई पुलिस सुरक्षा तुरंत प्रभाव से वापस ली जाए। रणवीर सिंह ने कहा कि कुछ लोग इस मामले को जातीय रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जो सरासर गलत है।

Leave a Reply