हरियाणा पुलिस ने प्रदेश में सक्रिय 125 फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स पर शिकंजा
88 ट्रेडिंग ऐप्स हटाए,37 की जांच जारी चंडीगढ़, 16 फ़रवरी । हरियाणा पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अवैध, आपत्तिजनक एवं भ्रामक गतिविधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई के तहत एक माह के भीतर राज्य में 1616 लिंक एवं प्रोफाइल ब्लाक किए गए हैं। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, उकसाने वाली तथा समाज में भ्रम या तनाव उत्पन्न करने वाली सामग्री की बढ़ती प्रवृत्ति को ध्यान में रखते हुए यह सुनियोजित और सकारात्मक पहल शुरू की गई थी।
पिछले एक माह के दौरान साइबर टीम द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग एवं त्वरित समन्वय के माध्यम से कुल 2052 लिंक एवं प्रोफाइल रिपोर्ट किए गए, जिनमें से 1616 आपत्तिजनक सामग्री को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स द्वारा हटाया या ब्लॉक किया जा चुका है। शेष 436 लिंक विभिन्न समीक्षा चरणों में हैं और उन पर भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत साइबर टीम प्रतिदिन सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो, लिंक एवं प्रोफाइल की पहचान कर रही है जिनमें भ्रामक जानकारी, उकसाने वाली भाषा या सार्वजनिक शांति भंग करने वाला कंटेंट पाया जाता है। डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए 12 जनवरी से फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश ऐप्स के विरुद्ध विशेष संगठित अभियान प्रारंभ किया गया। अब तक 125 संदिग्ध ऐप्स एवं चैनलों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 88 को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाया जा चुका है, जबकि शेष 37 पर अंतिम समीक्षा एवं टेक-डाउन प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। डीजीपी ने कहा कि यह पहल नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी के मामलों में उल्लेखनीय कमी आएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, निवेश से पूर्व किसी भी ऐप या प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें, बिना पुष्टि के कोई भी संवेदनशील सामग्री साझा न करें तथा संदिग्ध पोस्ट या ऐप की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।